Maharajganj News : 1 अप्रैल से बदलेगा स्कूल सिस्टम, स्कूलों में मोबाइल बैन, हर 4 महीने पर होगा मॉक टेस्ट
26-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज में एक अप्रैल से माध्यमिक स्कूलों का नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने जा रहा है। यूपी बोर्ड ने कैलेंडर आधारित शिक्षण कार्य के लिए प्रारूप तय कर दिया है। पिछली बार के 22 की जगह इस बार सिर्फ 15 भाग में पूरे सत्र को विभक्त किया है। नए सत्र में छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल परिसर में मोबाइल फोन प्रतिबंधित कर दिया गया है। स्कूल में शिक्षक व कर्मचारी ही मोबाइल फोन ला सकते हैं।
राजकीय सिंहपुर माध्यमिक के प्रधानाध्यापक अनमोल यादव ने बताया कि जारी कैलेंडर के तहत हर चार माह पर पूरे हुए पाठ्यक्रम से बहुविकल्पी व वर्णात्मक प्रश्नों का मॉक टेस्ट होगा वहीं 10 वीं व 12वीं के पाठ्यक्रम हर हाल में 10 जनवरी तक पूरा करने के लिए निर्देशित किया गया है।
जनपद में 278 माध्यमिक स्कूलों का संचालन होता है। इनमें पहली तारीख से नए सत्र का प्रवेश शुरू हो रहा। जारी कैलेंडर के मुताबिक, अप्रैल से ही कक्षा 9 के विद्यार्थियों का विवरण अपलोड होगा। कक्षा 10 व 12 के लिए प्रत्येक चार माह पर मॉक टेस्ट के जरिये बच्चों की तैयारी परखी जाएगी। सितंबर में अर्धवार्षिक व 18 जनवरी से प्री बोर्ड परीक्षा तिथि निर्धारित है। कक्षा 9 और 11 के पाठ्यक्रम 25 जनवरी तक पूरे करने होंगे।
खेल पीरियड होगा अनिवार्य जारी शैक्षणिक कैलेंडर के मुताबिक प्रत्येक कक्षा में एक पीरियड खेल का अनिवार्य किया गया है। इस पीरियड में खेलकूद कराने के साथ साथ खेल से संबंधित जानकारी विद्यार्थियों को देने के निर्देश हैं। साथ ही हैंड्स आन एक्टिविटी का प्रावधान किया गया है।
दीक्षा पोर्टल, ई-बुक्स, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, लैंगिक समानता, चरित्र निर्माण, राष्ट्रभक्ति, डिजिटल लिट्रेसी, खान एकेडमी, मनो दर्पण पोर्टल के विषय में बताना व प्रयोग अनिवार्य किया गया है।