Maharajganj News : अब और लाइन नहीं ! अब सीधे घर पहुंचेगा गैस सिलेंडर, प्रशासन सख्त
26-Mar-2026
Total Views |
नौतनवा। नौतनवा में गैस सिलिंडर की किल्लत को लेकर मची अफरा-तफरी के बीच प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए एजेंसियों पर लग रही लंबी कतारों को खत्म करा दिया। जो लोग लाइन से हटने को तैयार नहीं अधिकारियों ने उनके सिलेंडर जब्त कर लिए तो लोग घर को लौट गए। साथ एजेंसी के जिम्मेदारों को होम डिलिवरी के सख्त निर्देश दिए।
अधिकारियों ने एजेंसी के जिम्मेदारों को तत्काल प्रभाव से सिलेंडर की होम डिलीवरी शुरू करने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं विभिन्न स्थानों पर गैस के लिए लाइन में खड़े उपभोक्ताओं तक पुलिस फोर्स भी पहुंची और उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार अभियान चलाकर सभी उपभोक्ताओं को वापस घर भेज दिया गया, जो उपभोक्ता लाइन से हटने को तैयार नहीं हुए पुलिस ने उनका सिलेंडर तक जब्त कर लिया।
वहीं लाइन समाप्त होने के बाद एसडीएम नवीन प्रसाद के निर्देश पर गैस की गाड़ियां तत्काल गोदाम से होम डिलीवरी के लिए निकल पड़ीं और उपभोक्ताओं को उनके घर ही गैस उपलब्ध कराया। एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि गैस वितरण को लेकर अब एजेंसी के जिम्मेदार या उपभोक्ता किसी की भी मनमानी हरगिज बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएसी नंबर के आधार पर नियमानुसार ही अब गैस का वितरण होगा। यदि किसी ने भी मनबढ़ई करने की कोशिश की तो प्रशासन उनसे सख्ती से निपटेगा। एसडीएम ने बताया कि उपभोक्ता अपने पंजीकृत नंबर से गैस की ऑनलाइन बुकिंग कर डीएसी नंबर प्राप्त कर उसे सुरक्षित रख लें। बुकिंग के बाद डिलीवरी का निर्धारित समय आने पर एजेंसी की ओर से संबंधित उपभोक्ता को फोन कर सीधे उनके घर सिलेंडर पहुंचाया जाएगा।