Maharajganj News : निजी अस्पताल में डिलीवरी बनी जानलेवा, प्रसूता की मौत पर बवाल
27-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के न्यू अनुराग हॉस्पिटल में डिलीवरी के दौरान एक प्रसूता की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके तनाव का माहौल है। बताया जा रहा है कि वहीं नवजात बच्ची को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के एनआईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि डिलीवरी के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) होने के बावजूद समय पर उचित इलाज नहीं दिया गया। स्थिति बिगड़ने पर भी परिजनों को मरीज से मिलने नहीं दिया गया और बाद में गोरखपुर रेफर करने की बात कही गई।
आरोप है कि घटना के बाद अस्पताल संचालक और स्टाफ मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यदि समय पर सही उपचार मिलता, तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। इस घटना के बाद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।