Maharrajganj News : जन्मदिन पार्टी में खूनी खेल! इलाके में मचा हड़कंप
28-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज के नगर पंचायत परतावल में एक जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। लाठी-डंडों से हुए जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित बृजेश कुमार के अनुसार, वह 25 मार्च को परतावल तिवारी टोला निवासी पुनीत पांडेय के घर जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
इसी दौरान दरवाजे पर पहुंचते ही आरोपी बर्खास्त शिक्षक रतन कुमार पांडेय, संतोष कुमार पांडेय, अंश पांडेय और कृष्णा पांडेय उर्फ रवि लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। हमले में बृजेश कुमार और उनके एक सहयोगी को गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर घर के अंदर छिप गया।
एसओ अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रतन कुमार पांडेय, संतोष पांडेय, अंश पांडेय और कृष्णा उर्फ रवि पांडेय के खिलाफ जानलेवा हमला करने, धमकी देने के साथ ही एससी एसटी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम कर रहे हैं।
जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी रतन कुमार पांडेय के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में कोतवाली महराजगंज में खंड शिक्षा अधिकारी की तहरीर पर धारा 419, 420, 467, 468, 471 (जालसाजी व धोखाधड़ी) के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2010 में श्यामदेउरवा थाने में ब्रह्मदेव पांडेय की तहरीर पर धारा 419, 420, 467, 323, 504 के तहत केस दर्ज है।
कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाने में प्रियंका की तहरीर पर धारा 498ए, 323, 504, 506 में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा भारतीय स्टेट बैंक शाखा परतावल के तत्कालीन शाखा प्रबंधक ने गबन के मामले में न्यायालय में वाद दायर किया है। फर्जी डिग्री होने के कारण आरोपी को शिक्षक पद से बर्खास्त किया जा चुका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी खुद को एक न्यूज पोर्टल का पत्रकार बताता है।