Reality Of Fuel Panic In Maharajganj : क्या सच में खत्म हो रहा है पेट्रोल? DM खुद उतरे मैदान में तो सामने आई हकीकत

    28-Mar-2026
Total Views |

Fuel Panic In Maharajganj :
सोशल मीडिया पाए चल रही भ्रामक ख़बरों का महराजगंज जिले में ऐसा असर हुआ है कि जिले भर के पेट्रोल पम्पों पर सुबह से ही लम्बी कतारें लग रही हैं। लोग अपनी गाड़ी की टंकियों को फुल करवाने के साथ साथ डिब्बों और गैलनों में भी पेट्र्रोल डलवाते नज़र आये, जिससे कई जगहों पर अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई।

स्थिति को संभालने के लिए डीएम संतोष कुमार शर्मा को खुद मैदान में उतरना पड़ा। संतोष कुमार शर्मा ने एसडीएम (सदर) और जिला पूर्ति अधिकारी के साथ पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया।

पकड़ी स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल का कुल स्टॉक 34,002 लीटर था, जिसमें से करीब 5,000 लीटर की बिक्री हुई है। वहीं, डीजल का स्टॉक 43,792 लीटर था, जिसमें से 3,523 लीटर बिका है।

महुअवा ढाला (मां बोकड़ा देवी फिलिंग स्टेशन) पर पेट्रोल का स्टॉक 23,890 लीटर और डीजल का स्टॉक 14,419 लीटर पाया गया, जिसमें से क्रमशः 8,161 और 91 लीटर की ही बिक्री हुई थी।

दोनों जगह पंप संचालकों ने स्पष्ट किया कि तेल कंपनियों द्वारा नियमित आपूर्ति हो रही है और स्टॉक में कोई कमी नहीं है। भीड़ केवल सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं के कारण बढ़ रही है।


प्रशासन ने दी सख्त हिदायत
स्थिति का जायजा लेने के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों और पंप संचालकों को कड़े निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में गैलन (Gallon) या खुले डिब्बों में पेट्रोल-डीजल की बिक्री न की जाए। संदिग्ध गतिविधियों या असामान्य खरीद (Hoarding) की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित किया जाए। जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि सभी पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण हो और अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए।

महराजगंज जनपद में कुल 134 पेट्रोल पंप संचालित हैं। प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में जिले के पंपों पर 1036 किलोलीटर डीजल और 842 किलोलीटर पेट्रोल का स्टॉक उपलब्ध है। 26 मार्च को पूरे जनपद में 650 किलोलीटर डीजल और 376 किलोलीटर पेट्रोल की सामान्य बिक्री दर्ज की गई है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तेल लेने आए लोगों से बातचीत कर उनसे धैर्य रखने की अपील की। डीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें, ताकि सभी को सुचारू रूप से आपूर्ति मिलती रहे।