Maharajganj News : जमीन पैमाइश में बाधा, सरकारी टीम को रोकने के चलते पांच पर मुकदमा

    28-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के ग्राम ओवरी, सोनाड़ी में सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। जमीन के सीमा विवाद के निपटारे के लिए पहुंची राजस्व व पुलिस टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

राजस्व निरीक्षक सुनील कुमार चौधरी ने थाने में तहरीर देकर बताया कि जमीन के सीमा विवाद में उपजिलाधिकारी के न्यायालय के 07 दिसंबर 2024 के आदेश का अनुपालन करने पहुंची राजस्व व पुलिस टीम को प्रतिवादियों ने रोक दिया। उन्होंने बताया कि शांति देवी, रामसूरत ने वाद दायर किया था।


न्यायालय के अंतिम आदेश के अनुपालन में मौके पर पहुंची टीम के समक्ष पक्षकार उपस्थित हुए लेकिन प्रतिवादी भगवती, अनूपा, राकेश, संजय और सुमेर ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न किया। आरोप है कि इन लोगों ने सरकारी जरीब (जमीन मापने का औजार) उठाकर फेंक दिया, जिससे पैमाइश कार्य रुक गया और उपजिलाधिकारी के आदेश का पालन नहीं हो सका।

राजस्व निरीक्षक सुनील कुमार चौधरी ने 25 मार्च को तहरीर देकर व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की मांग की।

थानाध्यक्ष चौक ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया की तहरीर के आधार पर आरोपी भगवती, अनूपा, राकेश, संजय, सुमेर के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।