Maharajganj News : उखड़ी सड़क, उड़ती धूल... महराजगंज-ठूठीबारी मार्ग पर सफर बना खतरे का खेल

    03-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
महराजगंज से ठूठीबारी तक वर्तमान समय में सड़क निर्माण कार्य लोगों की परेशानी का सबब बनता जा रहा है। निर्माण कार्य की रफ़्तार भले तेज हो लेकिन सड़कों पर उड़ रही धूल लोगों की सेहत बिगाड़ रही है। धूल की वजह से बाइक और साइकिल सवारों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सांस के जरिए शरीर में जा रही धूल से स्वास्थ्य संबंधी मामले भी बढ़ रहे हैं।

महराजगंज से सिंदुरिया की तरफ यात्रा करने वाले मकबूल अहमद ने बताया सिंदुरिया से महराजगंज जाने वाले मार्ग पर रामपुरमीर से लेकर बौलिया राजा तक ठेकेदार ने सड़क उखाड़ दी गई है। सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने के कारण जगह-जगह धूल उड़ रही है। स्थिति यह है कि हवा के साथ उड़ रही धूल आंखों में पड़ जाती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।


लेदवा निवासी अजय यादव का कहना है कि धूल की वजह से सांस लेने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके चलते डॉक्टर से सांस संबंधी दिक्कत हो गई है। सिंदुरिया निवासी पवन मोदनवाल का कहना है वर्तमान समय में सबसे अधिक समस्या सिंदुरिया से लेकर महराजगंज तक की यात्रा करने में है। ठेकेदार के सड़क पर पानी नहीं डालने से यह समस्या विकराल हो गई है। धूल के चलते कुछ दिखाई नहीं देने से बाइक से सड़क पर गिरकर घायल हो गया था।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिठौरा के डाॅ. डीएन सिंह का कहना है कि सांस लेने में परेशानी वाले मरीज सीएचसी पर प्रतिदिन आ रहे हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। प्रदूषण के कारण यह समस्या उत्पन्न हो रही है। इस तरह के मरीजों को सड़क पर यात्रा करने के दौरान मास्क लगाने की सलाह दी जा रही है।