Maharajganj News : इंजेक्शन बना मौत की वजह? 18 साल की युवती की संदिग्ध मौत के बाद यूँ जाम से थमा शहर

    30-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज
। जिले में झोलाछाप डॉक्टर के कथित इलाज ने 18 वर्षीय युवती की जान ले ली। इसके बाद इलाके में आक्रोश भड़क उठा। गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

 सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अमरूतिया के पासी टोला में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। आरोप है कि झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के दौरान 18 वर्षीय मोनिका की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार मोनिका को पिछले दो दिनों से बुखार था। रविवार शाम हल्का बुखार आने पर उसे बैकुंठपुर चौराहे पर स्थित एक झोलाछाप डॉक्टर के पास ले जाया गया।

आरोप है कि डॉक्टर ने परिजनों के मना करने के बावजूद युवती को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगते ही मोनिका की हालत बिगड़ गई और वह मौके पर ही बेहोश हो गई। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मोनिका अपने परिवार में तीन बहनों और एक भाई में बीच की संतान थी। पिता रामसवारे वाहन चालक हैं। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मर्चरी हाउस पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।


आक्रोशित परिजन शव को लेकर पैदल ही मर्चरी हाउस से निकले और पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए नगर तिराहे तक पहुंचे। वहां शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर सदर कोतवाल निर्भय सिंह, सदर सीओ और महिला थाना पुलिस बल तैनात रहा और लोगों को समझाने का प्रयास किया गया।

सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।