Maharajganj News : पहले बनाया वीडियो, फिर किया वायरल! विरोध करने पर महिला से मारपीट
30-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला के साथ मारपीट और उसका आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने से हड़कंप मच गया है। महिला ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
महिला ने बताया कि उनके दूर के रिश्तेदार अब्बास अली, निवासी मौजा सेखुई पण्डितपुर टोला, पिछले 15 दिनों से उनके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड कर रहे थे। इससे उनकी मानसिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचा है।
23 जुलाई 2025 को अब्बास अली ने महिला का दामाद के साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसी इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर अब्बास के घर उलाहना देने गई तो अब्बास ने उन्हें गनेशपुर मार्ग पर रोक लिया और भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी।
शोर मचाने पर राहगीरों ने उन्हें अब्बास की पकड़ से छुड़ाया। इस दौरान अब्बास ने जान से मारने की धमकी भी दी और महिला के गले से मंगलसूत्र भी छीन लिया। घटना की सूचना 24 जुलाई 2025 को तुरंत थाने पर दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से सूचना दी, फिर भी कोई संज्ञान नहीं लिया गया। अंत में थक-हारकर महिला ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दायर किया।
थानाध्यक्ष चौक ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि आरोपी अब्बास अली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।