Gorakhpur News : 30 मिनट तक ओवरब्रिज पर लटकी रही छात्र की लाश, फॉर्च्यूनर की टक्कर से हुआ ये हादसा

    05-Mar-2026
Total Views |

गोरखपुर।
गोरखपुर में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। मोहद्दीपुर कौवाबाग ओवरब्रिज पर रॉन्ग साइड से आई तेज रफ्तार फार्च्यूनर ने कई गाड़ियों में टक्कर मार दी। इस दौरान स्कूटी सवार एक एमबीबीएस छात्र की मौत हो गई। तेज टक्कर से उसकी लाश उछलकर ओवरब्रिज की रेलिंग पर ही लटक गई। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।

ये घटना मोहद्दीपुर-कौवाबाग ओवरब्रिज की है। जहां बुधवार की रात तेज रफ्तार फार्च्यूनर ने कई गाड़ियों में टक्कर मार दी। इसमें स्कूटी सवार एक एमबीबीएस छात्र की मौत हो गई। टक्कर से उसकी लाश ओवरब्रिज की रेलिंग पर ही लटक गई थी।

घटना की सूचना पर शाहपुर और कैंट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर एमबीबीएस छात्र को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने छात्र की लाश को निकालकर मोर्चरी में रखवाया। मृतक की पहचान बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस थर्ड ईयर के छात्र आकाश पांडेय के रूप में हुई है।

शाहपुर पुलिस ने टक्कर मारने वाली फार्च्यूनर कार को कब्जे में लेकर कार चालक गोल्डेन साहनी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार फार्च्यूनर कार गलत दिशा से मोहद्दीपुर-कौवाबाग ओवरब्रिज से गुजरी। इस दौरान सामने से आने वाली गाड़ियों को टक्कर मारते हुए निकली। कार की टक्कर से एक स्कूटी सवार एमबीबीएस छात्र की लाश उछलकर ओवरब्रिज पर फंस गई। करीब 30 मिनट तक लाश ओवरब्रिज पर उलटी हालत में लटकी रही।

एमबीबीएस छात्र की मौत की सूचना पर जिला अस्पताल के मोर्चरी में मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की भीड़ लग गई। डॉक्टर हंगामा करने लगे। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। कार्रवाई का अश्वासन देकर डॉक्टरों को शांत कराया। इस घटना के बाद मोहद्दीपुर-कौवाबाग ओवरब्रिज पर भी भीड़ लग गई थी।

मृतक छात्र आकाश पांडेय मूल रूप से संत कबीर नगर जिले के रहने वाले हैं। छात्र की असमय मौत से कॉलेज परिसर और उसके गृह जनपद संतकबीरनगर में शोक की लहर है।