Maharajganj News : 72 घंटे बाद खुला सोनौली बॉर्डर, सीमा पार करने को उमड़ी यात्रियों की भीड़
06-Mar-2026
Total Views |
सोनौली। पड़ोसी देश नेपाल में प्रतिनिधि सभा सदस्य चुनाव को लेकर सुरक्षा कारणों से 72 घंटों के लिए बंद की गयी भारत-नेपाल की सोनौली सीमा को गुरुवार शाम फिर से खोल दी गयी।
चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 72 घंटे तक सीमा पर आवाजाही पूरी तरह बंद रखी गई थी। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद गुरुवार की शाम करीब 6 बजे से सोनौली बॉर्डर के मुख्य नाके से भारतीय और नेपाली नागरिकों तथा पर्यटकों का पैदल आवागमन फिर से शुरू कर दिया गया है। इसके बाद रात आठ बजे से वाहनों के भी आवागमन शुरू हो गए हैं। सीमा खुलते ही दोनों ओर लोगों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य होने लगी।
चुनाव के दौरान सीमा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। भारत की ओर से सशस्त्र सीमा बल और नेपाल की ओर से सशस्त्र प्रहरी बल के जवान मुस्तैदी से तैनात रहकर सीमा की निगरानी कर रहे है। नेपाल में मतदान को लेकर पिछले 72 घंटे से भारत नेपाल की सीमा सील थी जो अब खोल दी गई।
सीमा खुलते ही आवागमन शुरू हो गया, जिससे सरहद के दोनों तरफ सैकड़ों यात्री फंसे हुए थे। अब अपने गंतव्य को जाने की जल्दी में हैं। गुजरात, आंधप्रदेश, दिल्ली, मुंबई आदि शहरों के तीर्थ यात्री बाॅर्डर पर पहुंचे थे। रात आठ बजे के बाद नेपाल रवाना हुए।
सहायक सेनानायक सी विवेक्त ने बताया कि आवागमन शुरू हो गया है। नेपाल और भारत मे फंसे भारतीय पर्यटक वाहनों को विदेशी पर्यटकों को आने-जाने दिया जा रहा है।