Maharajganj News : महराजगंज में पेट्रोल पंपों पर अचानक क्यों उमड़ी भीड़, अफवाहों से बढ़ी लोगों की बेचैनी

    06-Mar-2026
Total Views |

महराजगंज।
इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध कि ख़बरों के बीच सोशल मीडिया पर फ़ैल रही अफवाहों का असर अब आम लोगों पर भी दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के कई पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां लोग बड़ी मात्रा में पेट्रोल डीजल भरवाते नज़र आये।

लोग सिर्फ अपनी गाड़ियों में ही नहीं, बल्कि ड्रम, गैलन और बोतलों में भी पेट्रोल और डीजल भरवाते नजर आए। कई स्थानों पर स्थिति ऐसी हो गई कि पंपों के बाहर वाहनों की लंबी लाइन लग गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

दरअसल, सोशल मीडिया पर यह अफवाह तेजी से फ़ैल रही है कि इज़राइल और ईरान के बीच युद्ध की स्थिति बनने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिससे पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ सकती हैं या ईंधन की कमी हो सकती है। इसी डर के चलते लोगों ने एहतियात के तौर पर ज्यादा से ज्यादा ईंधन जमा करना शुरू कर दिया।


हालांकि, प्रशासन और तेल कंपनियों ने साफ किया है कि फिलहाल ईंधन की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। अधिकारियों का कहना है कि तेल डिपो से पेट्रोल पंपों तक नियमित आपूर्ति जारी है और घबराने की कोई ज़रुरत नहीं है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फ़ैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और ज़रुरत के अनुसार ही पेट्रोल डीजल खरीदें। अधिकारियों ने यह भी कहा कि अफवाहों के कारण होने वाली पैनिक बाइंग से ही कृत्रिम कमी की स्थिति पैदा हो जाती है इसलिए संयम बनाये रखें।