Maharajganj News : होली की खुशी मातम में बदली! नदी में नहाने गया किशोर डूबा, दोस्तों के सामने चली गई जान
06-Mar-2026
Total Views |
फरेंदा। क्षेत्र के जलालगढ़ के समीप रोहिन नदी के गायघाट पर होली वाले दिन एक दर्दनाक घटना हुई। दोस्तों के साथ नहाने गए किशोर की रोहिन नदी में डूबने से मौत हो गई। होली के दिन किशोर की मौत के बाद क्षेत्र में मातम पसर गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसहिया निवासी पप्पू का पुत्र 16 साल का विकास अपने दोस्तों के साथ गांव में होली खेलने के बाद बुधवार को दिन में करीब 1:30 बजे गायघाट पर रोहिन नदी में नहाने गया था। नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से वह डूबने लगा तो उसके दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया लेकिन वे बचा नहीं सके।
घटना के बाद विकास के दोस्तों ने गांव पहुंचकर इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजन स्थानीय ग्रामीणों के साथ तत्काल घाट पर पहुंचे और विकास की तलाश में जुट गए। काफी तलाश के बाद विकास का शव गहरे पानी में मिला। मृतक का शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया।
पुरंदरपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की गई है।