Maharajganj News : पहले पत्नी को कुल्हाड़ी से काटा, फिर खुद लगा ली फांसी! दहेज विवाद में दो जिंदगियां खत्म
07-Mar-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में दहेज को लेकर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बृजमनगंज के सौरहा निवासी मुर्तजा ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसके बाद से वो फरार था। जब पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, तब अगले ही दिन उसने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
5 मार्च को बृजमनगंज थाने में आयशा खातून निवासी बरगाहपुर टोला लेहड़ा स्टेशन ने तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी नाजिमा खातून की शादी बृजमनगंज के सौरहा गांव में मुर्तजा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच लगातार विवाद हो रहे थे।
आरोप है कि पति की दहेज प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी मायके में ही रहने लगी थी। कुछ दिन बीतने के बाद आपसी समझौते से दोनों का संबंध विच्छेद भी हो गया था। गुरुवार को नजमा अपनी मां आयशा के साथ शादी में दिए गए सामान लेने पहुंची तो हंगामा खड़ा हो गया। गांव के तमाम लोगों ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
दहेज का सामान अभी गाड़ी पर रखा जा रहा था कि पति मुर्तजा ने पत्नी को कमरे में बुलाकर जरूरी बात करने की बात कही। आरोप है कि पत्नी कमरे में पहुंची तभी मुर्तजा ने कुल्हाड़ी से नजमा के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिसमें मौके पर ही पत्नी की मौत हो गई।
पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति मुर्तुजा के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
इसी दौरान शुक्रवार यानि 6 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मुर्तुजा ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और उसके बाद खुद फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा का माहौल है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि मामले में पहले ही प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।