Sanju Samson Player Of Tournament : भारत बना टी20 वर्ल्ड कप 2026 का बादशाह ! संजू सेमसन बने प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट

    09-Mar-2026
Total Views |

Sanju Samson Player Of Tournament :
T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार इस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

भारत पहला देश बना है जिसने अपने घर पर ये खिताब अपने नाम किया है। खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए थे। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रनों पर ढेर हो गई। एमएस धोनी, रोहित शर्मा के बाद अब सूर्यकुमार यादव टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं।

आईसीसी मेन्स टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में 321 रन बनाने वाले सैमसन ने फाइनल जीत के बाद कहा कि यह पल उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। फाइनल में जीत के बाद भावुक नजर आए सैमसन ने कहा कि वह अपनी भावनाओं को शब्दों में बयान नहीं कर पा रहे हैं।

सैमसन ने कहा, 'यह किसी सपने जैसा लग रहा है। मैं बेहद खुश और आभारी हूं। इस वक्त मेरे पास शब्द भी नहीं हैं और अपनी भावनाओं को संभालना भी मुश्किल हो रहा।' सैमसन ने बताया कि इस प्रदर्शन की शुरुआत एक-दो साल पहले ही हो गई थी। उन्होंने कहा कि 2024 के टी20 विश्व कप में वह टीम का हिस्सा जरूर थे, लेकिन उन्हें उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था।

उन्होंने कहा, “सच कहूं तो इसकी शुरुआत एक-दो साल पहले ही हो गई थी. 2024 विश्व कप टीम में मैं था, लेकिन खेलने का मौका नहीं मिला. उसी समय से मैं लगातार कल्पना करता रहा और मेहनत करता रहा कि जब मुझे मौका मिलेगा तो मुझे क्या करना है।”


सैमसन ने यह भी स्वीकार किया कि एक समय ऐसा आया जब वह पूरी तरह निराश हो गए थे। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गए थे। सैमसन ने बताया कि मुश्किल दौर में कई पूर्व खिलाड़ियों ने उनकी मदद की। खास तौर पर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के साथ उनकी लगातार बातचीत होती रही।

उन्होंने कहा, 'कई पूर्व खिलाड़ियों ने मुझसे संपर्क किया और मदद करने की कोशिश की। पिछले कुछ महीनों से मैं सचिन सर के साथ लगातार संपर्क में था। मैंने उनसे खुद बात की और लंबी-लंबी चर्चाएं कीं। उनके जैसे महान खिलाड़ी से मार्गदर्शन मिलना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।'

बता दें कि संजू सैमसन के लिए इस वर्ल्ड कप की शुरुआत अच्छी नहीं थी। उन्हें बाद में ड्रॉप भी कर दिया गया था. लेकिन फिर संजू ने कमाल का कमबैक किया। उन्होंने 5 मैच में ही 321 रन जड़ दिए। संजू ने लगातार तीन फिफ्टी लगाई और वो भी तीनों लगभग नॉकआउट मैच में।