UP News : कहने को ये है मॉडल स्टेशन, पर नदारद हैं ये बेसिक सुविधाएं
09-Mar-2026
Total Views |
शोहरतगढ़। शोहरतगढ़ रेलवे स्टेशन को भले ही मॉडल स्टेशन का दर्जा दे दिया गया हो, लेकिन यात्रियों को मिलने वाली सुविधाएं अभी भी न के बराबर है। पीने के पानी के लिए टोंटियां तो लगी हुई है, लेकिन वे टूटी हुई है। इससे लोगों को खरीदकर पानी पीना पड़ रहा है। वहीं, स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर छाजन की व्यवस्था भी नहीं है।
मार्च शुरू हो चुका है और गर्मी लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद शोहरतगढ़ स्टेशन पर यात्रियों के लिए पीने के पानी की उचित व्यवस्था नहीं कराई जा सकी है। वहीं प्लेटफॉर्म दो पर छाजन भी उचित नहीं है, जिससे लोगों को धूप में खुले आसमान के नीचे ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है।
प्लेटफाॅर्म नंबर एक वाटर कूलर लगा है, जिसके भरोसे यात्रा करने वाले और ट्रेन से उतरने वाले सभी यात्री हैं। जल्दी के चक्कर में यात्री वाटर कूलर की तलाश करते हैं, लेकिन पहुंच से दूर होने के कारण टोंटी वाला गर्म पानी ही पीने के लेना पड़ रहा है। कई यात्री ठंडे पानी की चाहत में 20 रुपये में पानी की बोतल खरीदने को मजबूर हो जाते हैं।
शोहरतगढ़ से लगभग प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्री ट्रेन से सफर करते हैं। शोहरतगढ़ स्टेशन कई एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टाॅपेज है। यात्री विमलेश, अजय, किसलावती, सुमन, अमृता, विमलावती, मुकेश आदि ने बताया कि शोहरतगढ़ स्टेशन पर कोई भी सुविधा ठीक नहीं है।
स्टेशन परिसर में दो शौचालय बनाए गए हैं। दोनों बंद रहते हैं, जिससे यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। स्टेशन पर लगी टोंटी में गर्म और खारा पानी आता है। वाटर कूलर कभी चलता है तो कभी नहीं, जिससे मजबूरन कैंटीन से 20 रुपये की पानी की बोतल खरीद कर प्यास बुझानी पड़ती है। प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर उचित पानी पीने की व्यवस्था नहीं है।
दो टोंटी लगी है। एक खराब है। दूसरी चल रही है, लेकिन छाजन नहीं होने इस कड़ी धूप में ट्रेन का इंतजार करना बहुत मुश्किल हो रहा है। इस रूट से दिल्ली, मुंबई सहित कई स्थानों के लिए ट्रेन गुजरती है, जहां तक लोग यात्रा करते हैं।