Maharajganj News : एक झटके में बुझ गई रोशनी ! पंखा चलाने गई मासूम की दर्दनाक मौत

    01-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
महराजगंज के पनियरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 रानी लक्ष्मीबाई नगर में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। नगर पंचायत पनियरा के वार्ड नं. 13 रानी लक्ष्मीबाई नगर में सोमवार की रात करीब 10 बजे करंट लगने से एक 12 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, रोशनी अपने ननिहाल में ही रहकर कक्षा तीन में पढ़ती थी। रात में वह खाना खाकर सोने के लिए कमरे में चली गई। वहां पंखा चलाने के लिए तार बिजली के प्लग में लगा रही थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। परिजन आनन-फानन उसे एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रोशनी के मामा सतपाल ने बताया कि भांजी मेरे यहां ही रहकर एक स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ती थी। मृतका के माता-पिता गोरखपुर के पादरी बाजार में रहते हैं। उसका एक बड़ा भाई भी है। रात में हुई इस घटना को सुनकर मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।


पनियरा में सोमवार की रात करंट लगने से मृत बालिका के पिता पप्पू निवासी पादरी बाजार, थाना शाहपुर गोरखपुर शहर में ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वहीं ननिहाल में मृतका के नाना सुक्खू पाल की कुछ वर्ष पहले मौत के बाद नानी उर्मिला देवी ने अपना अकेलापन बांटने के लिए नतिनी को बुला लिया था। घर में इन दोनों के सिवाय कोई और नहीं था।

रोशनी की मौत के बाद उसकी नानी घर में अकेली रह गई हैं। रोशनी का एकमात्र मामा सतपाल रोजी-रोटी कमाने के लिए दूसरे राज्य में पेंट-पालिश का काम करता है। नतिनी की मौत के बाद नानी उर्मिला देवी और रोशनी के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।