Maharajganj News : गांव की बैठकों पर AI की नजर, कैमरे में कैद होंगे पंचायत के फैसले
10-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। नए वित्तीय सत्र से ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब ग्राम पंचायतों की बैठकों का विजुअल 'सभासार' पोर्टल पर अपलोड होगा। इसके अलावा वार्षिक कार्ययोजना का वीडियो भी पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से लैस पोर्टल पर गांव की वार्षिक कार्ययोजना वीडियो फुटेज होने से विकास कार्यों के निर्णयों में पारदर्शिता आएगी।
पहले गांव के विकास की कार्ययोजना कागजों पर तैयार होती थी और इसे ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड करना पड़ता था। अब इससे निजात मिलेगी। जिला पंचायतीराज अधिकारी ने सभासार पोर्टल का उपयोग राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस (24 अप्रैल) से प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। डिजिटलीकरण व तकनीकी संसाधनों को पंचायतीराज निदेशालय ग्राम पंचायतों में सुलभ कर रहा है।
882 ग्राम पंचायतों में अब तक वार्षिक कार्ययोजना खुली बैठकों में तैयार होती थी। इसे ई-ग्राम स्वराज पर अपलोड किया जाता था। इस प्रक्रिया के तहत कई ग्राम पंचायतों में बिना खुली बैठक के कार्ययोजना कागज पर तैयार होती थी, इसका गांव के लोगों के लिए कोई मतलब नहीं होता था।
बदले प्रावधान से अब सभासार पोर्टल पर खुली बैठक के विजुअल अपलोड होने से पंचायतों में हो रही है बैठकों का डाटा भी सत्यापित रहेगा। इसके अलावा कार्ययोजना भी MP4, WAV और MP3 फॉर्मेट में अपलोड होगी, जिससे डेटा सुरक्षित और प्रमाणिक रहेगा। डीपीआरओ कार्यालय से इसे प्रभावी करने का निर्देश सभी ब्लॉक एडीओ पंचायत को जारी किया गया है।