Maharajganj News : रेलवे ट्रैक पर एक लाश और कई सवाल! किशोर की मौत पर रहस्य गहराया
12-Apr-2026
Total Views |
खुशहालनगर। घुघली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात एक 15 वर्षीय किशोर का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गयी। मृतक की पहचान करौता उर्फ नेबुईया निवासी प्रिंस शर्मा के रूप में हुई, जो हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व ब्लॉक उपाध्यक्ष गणेश शर्मा का पुत्र था। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, खुशहालनगर की ओर जाने वाली रेलवे ट्रैक पर देर रात करीब 11 बजे लोको पायलट रविंद्र राम ने एक शव पड़े होने की सूचना कप्तानगंज रेलवे स्टेशन को दी। इसके बाद घुघली रेलवे स्टेशन के माध्यम से स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। युवक की पहचान नेबुईया निवासी प्रिंस शर्मा (15) के रूप में हुई। शव की पहचान जेब से मिले आधार कार्ड से हुई।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। उसका बायां पैर कटा हुआ था जबकि सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गहरी चोटें पाई गई हैं। चोट के निशान देखते हुए परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचकर रोने-चिल्लाने लगे। प्रिंस शर्मा के पिता गणेश शर्मा ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि गांव के ही एक व्यक्ति से उनका विवाद चल रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि साजिश के तहत प्रिंस की हत्या कराई गई है।
एसओ कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।