Maharajganj News : जमीन के नाम पर खेला गया खेल, सेना के जवान के साथ हुआ ये कांड
15-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। जमीन खरीद के नाम पर जम्मू-कश्मीर में तैनात सेना के जवान के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रभात सिंह ने गोरखपुर एसएसपी को दिए तहरीर में आरोप लगाया है कि महाराजगंज के विनोद सिंह यादव निवासी रुद्रापुर, महुआवा, थाना कोतवाली ने उनके साथ ठगी की है। प्रभात सिंह निवासी सिंघोरिया, थाना पिपराइच, जिला गोरखपुर के निवासी हैं।
तहरीर के अनुसार, विनोद सिंह यादव ने प्रभात सिंह को बताया कि महाराजगंज नगरपालिका क्षेत्र के गाटा संख्या 327, राजीवनगर वार्ड नंबर 8 में करीब 5 डिसीमिल आवासीय जमीन उपलब्ध है। उसने कहा कि 12 लाख रुपये में बैनामा करा दिया जाएगा। भरोसे पर प्रभात सिंह ने 18 मई 2024 को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मोहददीपुर शाखा के चेक से 8,50,000 रुपये एडवांस के रूप में विनोद सिंह यादव को दे दिए। चेक क्लियर होने के बाद आरोपी ने शेष राशि लेकर जल्द बैनामा कराने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बाद टालमटोल शुरू कर दिया।
प्रभात सिंह जब छुट्टी पर गोरखपुर आते हैं तो आरोपी से मिलने जाते हैं लेकिन वह मिलता नहीं है। फोन करने पर टालता है। मित्र अभिमन्यू सिंह से पूछने पर भी स्पष्ट जवाब नहीं मिलता। आरोपी विनोद सिंह यादव अब गोरखपुर में कहीं रहने का बहाना बनाता है। प्रभात सिंह ने आरोप लगाया कि उनके साथ साजिश रचकर धोखाधड़ी की गई है।
न तो जमीन दी गई, न ही पैसे वापस किए गए। बल्कि फोन पर जान-माल की धमकी दी जा रही है। पीड़ित सैनिक ने बताया कि यह राशि उन्होंने लोन लेकर दी थी और आज भी बैंक का ब्याज भर रहे हैं। उनके पास बैंक स्टेटमेंट और अन्य सबूत मौजूद हैं।
सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।