Maharajganj News : नेपाल से आते थे, शहर से बाइक उड़ाते थे... आखिर पकड़ में आए शातिर बाइक चोर

    16-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज। जनपद में बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के क्रम में नौतनवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 16 अप्रैल 2026 को दो अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से 3 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में तथा मुथा अशोक जैन (पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन) और एस. चनप्पा (पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर रेंज) के निर्देश के तहत की गयी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवनारायण नाउ (20) और रामरतन लोनिया (24) के रूप में हुई है, जो नेपाल के रुपन्देही जिले के निवासी हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया की वे नेपाल से भारत आकर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी करते थे और पिछले कुछ महीनों से इस तरह की घटनाओं में सक्रिय थे।


पुलिस ने इनके पास से तीन मोटरसाइकिल बरामद की है, जिनमें से एक नौतनवा थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमे (मु0अ0सं0 77/2026) से संबंधित है, जबकि अन्य दो बाइकें फरेंदा और कोल्हुई थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। सभी बाइकें बिना नंबर प्लेट के पायी गयीं।

आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे सुनसान जगहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में खड़ी बाइक को निशाना बनाते थे और मौका मिलते ही फरार हो जाते थे।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायलय में पेश कर दिया है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी कस्बा नौतनवा उपनिरीक्षक रामजी गुप्ता सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।