Maharajganj News : किताबों के नाम पर खेल ख़त्म ! नियम तोड़ा तो सीधा FIR

    16-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
डिजिटल व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में भी एनसीईआरटी की पुस्तकों का महत्व बरकरार है। इसका एक कारण एनसीईआरटी की गुणवत्ता के साथ कम मूल्य का होना भी है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से हाईस्कूल व इंटर के लिए तीन मुद्रकों की किताब अनुमन्य की गई हैं। सभी माध्यमिक स्कूलों में यही किताबें प्रयोग में लाई जाएं।

यह बातें डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने जीएसवीएस में आयोजित पुस्तक मेला में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने आगे कहा कि अगर इसका उल्लंघन स्कूल में या दुकानों पर हो रहा है तो विभाग को सूचित करें। ऐसे विक्रेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी जो अनुमन्य मुद्रकों के अलावा अन्य प्रकाशन समूह की पुस्तकें बिक्री कर रहे।


नगर के गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज के प्रोफेसर शिब्बन सक्सेना सभागार में शासन के निर्देश पर सरकारी पुस्तकों के मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान डीआईओएस ने कहा कि सरकार ने पुस्तकों को सस्ते दर पर विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए यह प्रयास किया है।

मेले के नोडल अमरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुस्तक मेले के आयोजन का उद्देश्य समस्त विद्यार्थियों को सस्ते दर पर पुस्तकें उपलब्ध कराने का मंशा है। शिक्षा सदन के प्रो. अनुभव पांडेय ने कहा कि हम सभी विद्यार्थियों को विद्यालय स्तर पर ही सरकारी पुस्तकों को सस्ते दर पर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

इस अवसर पर प्रधानाचार्य धनंजय सिंह समेत कई शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।