Maharajganj News : आनंद नगर रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट! डीजी रेलवे के दौरे से बढ़ी हलचल
17-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (रेलवे) प्रकाश डी ने गुरुवार को आनंद नगर रेलवे स्टेशन का अचानक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा किया। इस दौरान उन्होंने जीआरपी थाने की सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और महिला सशक्तिकरण अभियान की समीक्षा की। महानिदेशक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन भी किया।
महानिदेशक ने प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर और स्टेशन परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। जीआरपी थाने में अभिलेखों के रख-रखाव और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं में कोई कोताही न बरती जाए।
ट्रेनों पर पत्थरबाजी और जहरखुरानी जैसी घटनाओं से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था लागू की गई है।मुख्यमंत्री के ‘महिला सशक्तिकरण फेज-5’ के तहत ट्रेन में सफर करने वाली महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।उन्होंने बताया कि रेलवे पुलिस बिछड़े हुए बच्चों को उनके माता-पिता से मिलाने के लिए सक्रियता से कार्य कर रही है।
निरीक्षण के दौरान एक विशेष आकर्षण राजकीय रेलवे पुलिस के कांस्टेबल प्रशांत कुमार का सम्मान रहा। प्रशांत कुमार ने आनंद नगर स्टेशन से ट्रेन में चढ़े एक चोर को पुरंदरपुर के पास ट्रेन से कूदकर भागते समय अदम्य साहस दिखाते हुए धर दबोचा था। महानिदेशक ने उनके इस उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें पुरस्कृत किया और कहा कि पुलिस एक टीम वर्क है, जिसमें सिपाही से लेकर अधिकारी तक हर सदस्य की भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र, सीओ विनोद कुमार सिंह, जीआरपी इंचार्ज पंकज कुमार यादव, आरपीएफ से विजय तिवारी समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।