Maharajganj News : छोटी खरीदारी भी अब नहीं बचेगी ! सामान 100 रुपये पार, तो टैक्स रखें तैयार

    17-Apr-2026
Total Views |

सोनौली।
नेपाल में सरकार बदलने के बाद भारतीय बाजारों से खरीदारी को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। भारत-नेपाल सीमा पर अब बिना भंसार (कस्टम) शुल्क दिए सामान लाना संभव नहीं होगा। नेपाल के भैरहवा भंसार कार्यालय ने 100 रुपये से अधिक मूल्य की वस्तुओं पर अनिवार्य रूप से कस्टम शुल्क वसूलने के नियम को सख्ती से लागू कर दिया है।


मुख्य चेकपॉइंट बेलाहिया, सीमा बाजार फरेनिया और अन्य छोटे चेक पोस्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सशस्त्र पुलिस बल का कहना है कि सीमा बाजार से 100 रुपये से अधिक का सामान लाने पर सीमा शुल्क देना होगा। सीमा शुल्क कार्यालय ने बताया कि सरकार के निर्देशों और स्थानीय प्रशासन की सक्रिय भागीदारी से पहले कमजोर पड़ चुकी व्यवस्था को फिर से प्रभावी बनाया गया है।

भैरहवा भंसार कार्यालय के सूचना अधिकारी उद्धव ढुंगाना ने बताया कि भारत से लौट रहे लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से 100 रुपये से अधिक मूल्य के सामान पर सीमा शुल्क लिया जा रहा है। शुरुआत में जानकारी की कमी के कारण जनता की ओर से शिकायतें आईं लेकिन अब सीमा चौकियों पर माइक लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।