Maharajganj News : बंद बेकरी में सुबह उठा धुंए का गुबार ! एक पल में उजड़ा लाखों का कारोबार

    18-Apr-2026
Total Views |

सोनौली।
स्थानीय कस्बे के एसएसबी रोड पर एक बेकरी की दुकान में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग के कारण दुकान के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। अज्ञात कारणों से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। पड़ोसियों ने दुकान से उठ रहे धुएं को देखकर पुलिस को सूचना दी और आग को बुझाने में जुट गए।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे सोनौली कस्बे के एक बेकरी की दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते, आग तेजी से फैल चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत दुकान का ताला तोड़कर शटर उठाया और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।


इस घटना में दुकान के अंदर रखा सजावटी सामान व अन्य कीमती वस्तुएं और सीसीटीवी कैमरे समेत लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। प्रारंभिक आशंका है कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है। दुकान के मालिक सनी गुप्ता, जो नौतनवा के छपवा के निवासी हैं, रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह यह हादसा होने से उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने तुरंत मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित दुकानदार से मिलकर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि पीड़ित की हर सम्भव मदद की जाएगी।