Maharajganj News : अब बिना ट्रेनिंग नहीं मिलेगा भारी वाहन का लाइसेंस! क्या बदलेगा ड्राइविंग सिस्टम?

    02-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज
। महराजगंज में भारी वाहनों का लाइसेंस मिलना अब पहले जितना आसान नहीं रहेगा। परिवहन विभाग ने नयी व्यवस्था लागू करते हुए यह साफ़ कर दिया है कि अब लाइसेंस तभी मिलेगा जब चालक निर्धारित प्रशिक्षण पूरा करेगा। जनपद में इसके लिए दो प्रत्यायन केंद्र खोले जाएंगे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन एक अप्रैल से आमंत्रित थे, लेकिन इसकी तिथि आगे विस्तारित कर दी गई है।

प्रदेश में प्रशिक्षित ड्राइवरों की संख्या बढ़ाने के लिए परिवहन विभाग 20 जिलों में 32 प्रत्यायन (ड्राइविंग) प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करेगा। इसके लिए एक अप्रैल से आनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होनी थी लेकिन अब यह आगे बढ़ाई गई है। उप संभागीय परिवहन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन की तरफ से प्रत्यायन केंद्र खोलने की अधिसूचना जारी की है।


यह व्यवस्था भारी वाहनों को लाइसेंस देने से पहले 15 दिवसीय प्रशिक्षण के लिए हो रही। अधिसूचना में सर्वाधिक केंद्र बलिया में चार, कानपुर नगर और बदायूं में तीन-तीन केंद्र, जबकि महराजगंज, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर और बलरामपुर में दो-दो केंद्र खोले जाने का उल्लेख है।

रामपुर, हरदोई, फिरोजाबाद, अंबेडकरनगर, कुशीनगर, बहराइच, फर्रुखाबाद, चंदौली, फतेहपुर, महोबा, चित्रकूट और श्रावस्ती में एक-एक केंद्र की मंजूरी दी गई है। इसके आवेदन आदेश मिलते ही ऑनलाइन लिए जाएंगे।