Maharajganj News : तीन दिन से ड्राई पंप, बाजार ठप! सिसवा में गहराया ईंधन संकट, कालाबाजारी जोरों पर
20-Apr-2026
Total Views |
सिसवा बाजार। क्षेत्र में पहले से ही जारी गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच अब डीजल व पेट्रोल की कमी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। पिछले तीन दिन से नगर व क्षेत्र के पंप ड्राई हैं। लोग डीजल व पेट्रोल के लिए परेशान हैं।
सिसिवा बाजार क्षेत्र में वाहन मालिक और किसान पेट्रोल व डीजल के लिए पंपों के चक्कर लगा रहे हैं। सिसवा नगर क्षेत्र में एक दर्जन पेट्रोल पंप हैं। डीजल व पेट्रोल की आपूर्ति नहीं होने से सभी पंप बंद हो चुके हैं। इससे वाहन स्वामी और किसान दोनों प्रभावित हो रहे हैं। गेहूं की कटाई के बाद गन्ने के खेतों में पानी चलाने का सीजन आ गया है।
इसके लिए किसानों को डीजल की दरकार है लेकिन पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने के बाद भी किसानों को डीजल नहीं मिल पा रहा है। सिसवा नगर निवासी अमरेश यादव का कहना है कि डीजल-पेट्रोल नहीं मिलेगा तो गाड़ियां चलाने में समस्या होगी और व्यापार भी प्रभावित होगा। ईंधन के अभाव में कच्चा माल समय से नहीं पहुंच पा रहा है।
वहीं खेसरारी निवासी राजकुमार यादव का कहना है कि डीजल नहीं मिलने से गन्ने के खेतों में पानी चलाने के लिए किसानों को दर-बदर भटकना पड़ रहा है। अगर यही हाल रहा तो न तो व्यापारियों का व्यवसाय बचेगा और न ही किसानों फसल बच पाएगी।
गांधी नगर वार्ड निवासी अजय का कहना है कि टंकी पर पेट्रोल डीजल नहीं मिल रहा है। मगर कालाबाजारी करने वाले एक लीटर पेट्रोल 130 और डीजल 120 रुपये में बेच रहे हैं। महाराणा प्रताप नगर वार्ड निवासी अनिल का कहना है रसोई गैस सिलेंडर, डीजल, पेट्रोल सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के न मिलने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। अगर जल्द समाधान नहीं निकला तो जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाएगा।