Maharajganj News : गर्मी का कहर बढ़ा तो अस्पताल हुआ अलर्ट! हीट वेव से निपटने के लिए खास इंतजाम

    22-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला अस्पताल में हीट वेव के मरीजों के लिए 6 बेड आरक्षित कर दिए गए हैं।

बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला अस्पताल प्रशासन ने हीट वेव की समस्या से निपटने की तैयारी पूरी कर ली है। जिला अस्पताल प्रशासन ने छह बेड एयर कंडीशंड वार्ड और कोल्ड रूम में व्यवस्थित कर लिए हैं। अस्पताल परिसर में ओआरएस घोल का विशेष काउंटर बनवाया गया है। यहां मरीजों और उनके परिजनों को नि:शुल्क ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन उपलब्ध कराया जाएगा।

साथ ही आइस पैक्स की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। अस्पताल में फ्रिज लगाए गए हैं और ठंडे पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। सीएमएस डॉ. एके दिवेदी ने बताया कि हीट वेव को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए हम पूरी तरह मुस्तैद हैं।


तीन डॉक्टर और छह स्टाफ नर्स तैनात
अस्पताल प्रशासन ने हीट वेव से प्रभावित मरीजों को राहत देने के लिए 24 घंटे ड्यूटी की व्यवस्था की है। इस दौरान 3 विशेषज्ञ डॉक्टर और 6 स्टाफ नर्स को तैनात किया गया है। सभी चिकित्सकों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि कोई भी गंभीर मरीज आने पर तुरंत हिट वेव वार्ड में शिफ्ट किया जा सके।

सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और अन्य गर्मी संबंधी बीमारियां आम हैं। इसलिए आमजन को सलाह दी जाती है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें, हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें, खूब पानी पिएं और नमक-चीनी का घोल लें। यदि किसी को चक्कर, उल्टी, तेज बुखार या बेहोशी जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत अस्पताल पहुंचें।