Maharajganj News : जमीन के लिए खून! इनकार करते ही पति ने कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला
23-Apr-2026
Total Views |
चौक बाजार। कोतवाली थाना क्षेत्र में जमीन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जमीन बेचने से इनकार करने पर एक विवाहिता पर उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बुधवार को पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिसवनिया टोला भरखलिया निवासी रीनू की शादी क्षेत्र के ही एक युवक से हुई थी। आरोप है कि पति ने बिना बताए खेत गिरवी रख दिया था। इसका विरोध करने पर वह अक्सर रीनू के साथ मारपीट करता था, जबकि ससुर भी गाली-गलौज कर धमकियां देता रहता था।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम रीनू ने जमीन से जुड़े एक सौदे से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पति ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान ससुर और एक अन्य व्यक्ति भी मौके पर पहुंच गया। तीनों ने मिलकर रीनू को घेर लिया।
ससुर ने उकसाने पति ने घर में रखी कुल्हाड़ी से रीनू पर हमला कर दिया। हमले में महिला के हाथ पर गंभीर चोट आई है। गंभीर रूप से घायल रीनू मौके पर ही बेहोश हो गई। हमलावर उसे मृत समझकर फरार हो गए। घटना की सूचना रीनू की बेटी ने ननिहाल पक्ष को दी। इसके बाद उसके पिता ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस से घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
होश में आने के बाद रीनू ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने कोतवाली में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।