Maharajganj News : नेपाल हादसे के घायल रातों-रात गोरखपुर शिफ्ट: डीएम-एसपी पहुंचे अस्पताल, लिया हालचाल
24-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। नेपाल के प्युठान जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। भारतीय तीर्थयात्रियों से भरी एक जीप 85 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे एक महिला और एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हो गए।
इस दुर्घटना में जनपद महाराजगंज के 19 तीर्थयात्रियों के घायल होने की सूचना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन के समन्वय से सभी घायलों को सोनौली बॉर्डर से एसडीएम फरेंदा द्वारा रिसीव किया गया। आज प्रातः 4:30 बजे थाना प्रभारी भिटौली के नेतृत्व में 9 एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी स्वयं मेडिकल कॉलेज पहुंचे और वार्ड में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से इलाज की स्थिति पर चर्चा करते हुए बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने घायलों और उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी और सभी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रशासन इस पूरे मामले में लगातार नज़र बनाये हुए है।