Maharajganj News : पेट्रोल पंप पर बवाल! बरातियों की पिटाई का वीडियो वायरल, सच क्या है?

    27-Apr-2026
Total Views |

फरेंदा। क्षेत्र के बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप पर बरातियों और पंप कर्मियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पंप कर्मियों को बरातियों की पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में बराती नीचे गिरे हुए हैं और पंप कर्मी जमकर लात-घूसों से उन्हें पीट रहे हैं। हालांकि आपन महराजगंज ऐसे किसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

फरेंदा क्षेत्र के बाईपास पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर तेल की किल्लत के कारण भीड़ लगी थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुशीनगर से बरात जा रहे कुछ लोग पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर पहुंचे।


आरोप है कि बराती तेल की पर्ची मांग रहे थे। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान चार पांच की संख्या में लोग एक युवक पर टूट पड़े और लात-घूसों से पिटाई करने लगे। इसी दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल मामले को लेकर आधिकारिक पुष्टि या पुलिस की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।