Maharajganj News : जयमाल में हुआ भयंकर विवाद ! फिर इस तरह हो गयी दूल्हे के बड़े भाई की मौत
27-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। महराजगंज जिले से एक दिल को दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशियों भरा शादी का माहौल मातम में बदल गया। रविवार की रात एक शादी समारोह में हुई मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दूल्हे के भाई विनोद प्रजापति (32) के रूप में हुई है। यह घटना स्टेज पर फोटो खिंचवाने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई।
दरअसल, सोनौली कोतवाली क्षेत्र के बरगदही गांव में जयमाल के दौरान फोटो खिंचवाने जैसी छोटी सी बात को लेकर शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि इसमें दूल्हे के बड़े भाई की जान चली गई। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव व्याप्त है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरगदही गांव में बारात आई थी और जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। मंच पर दूल्हा-दुल्हन मौजूद थे और मेहमानों के बीच फोटो खिंचवाने की होड़ मची थी। इसी दौरान दूल्हा और दुल्हन पक्ष के कुछ युवकों के बीच फोटो खिंचवाने की प्राथमिकता को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे।
इस मारपीट में दूल्हे के बड़े भाई को गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, गोरखपुर में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मौत की खबर मिलते ही शादी वाले घर में चीख-पुकार मच गई और उत्सव का माहौल सन्नाटे में तब्दील हो गया।
दूल्हे के भाई की मौत से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को एम्बुलेंस में लेकर सीधे दुल्हन के घर पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि दुल्हन पक्ष के लोगों ने जानबूझकर हमला किया। शव को दरवाजे पर रखकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। गांव में स्थिति काफी संवेदनशील हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ वहां जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सोनौली कोतवाली पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। सोनौली थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में दीनानाथ और शम्भू प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।