Maharajganj News : चंदन नदी पुल के पास मिला युवक का शव, हादसा या साजिश? जांच में जुटी पुलिस
27-Apr-2026
Total Views |
ठूठीबारी। चंदन नदी पुल के पास संदिग्ध हालात में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त कोतवाली क्षेत्र के रामनगर निवासी संजय गुप्ता (35) के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रविवार की सुबह ठूठीबारी निचलौल एनएस-730 एस मार्ग स्थित चंदन नदी पुल के समीप सड़क के पूरब एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव देख राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव की पहचान संजय गुप्ता पुत्र दीनानाथ के रूप में की। संजय के भाई रामबचन गुप्ता ने शव की शिनाख्त की।
रामबचन गुप्ता ने बताया कि शनिवार की सुबह संजय घर से ठूठीबारी के लिए निकला और वापस नहीं लौटा। रविवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव ठूठीबारी चंदन नदी पुल के पास मिला। उसके शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान मिले हैं। उन्होंने बताया कि भाई संजय गुप्ता की शादी 2013 में ठूठीबारी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी आशा गुप्ता के साथ हुई थी। उसकी एक सात वर्षीय पुत्री उजाला भी है। अक्सर पति-पत्नी में विवाद के चलते विगत 4 साल पूर्व पति-पत्नी का रिश्ता टूट गया।
इस संबंध में ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी अमित सिंह ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।