Maharajganj News : पांच महीने की गर्भवती विवाहिता की रहस्यमयी मौत, मायके पक्ष ने खोला मोर्चा
28-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के करमहवा बुजुर्ग गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। सोमवार को तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनकटी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान करिश्मा के रूप में हुई है, जो करीब पांच माह की गर्भवती थी। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या तथा दहेज उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया। मायके वालों का कहना है कि करिश्मा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) फरेंदा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विभिन्न पहलुओं पर गौर कर रही है। जानकारी के अनुसार, करिश्मा ने करीब पांच वर्ष पहले विजय के साथ कोर्ट मैरिज की थी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।