Maharajganj News : लाइक के लिए सोशल मीडिया पर बनी दरोगा ! अब भुगत रही अंजाम

    29-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने की चाह एक युवती को भारी पड़ गयी। कोतवाली पुलिस ने पुलिस की वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने के मामले में एक युवती के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, अजीजा शेख निवासी लक्ष्मीपुर खास थाना भिटौली, वर्तमान पता–आजाद नगर, नगर पालिका परिषद ने उप निरीक्षक की वर्दी पहन कर एक भोजपुरी गीत के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। जबकि वह किसी भी सरकारी पद पर नियुक्त नहीं है।

इस वीडियो के प्रसार से आमजन में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई और पुलिस विभाग की छवि प्रभावित होने की आशंका जताई गई। इस संबंध में मुख्य आरक्षी अजय कुमार पाण्डेय की तहरीर पर थाना कोतवाली महराजगंज में प्राथमिकी दर्ज की है। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अभियुक्ता की शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट बताई गई है। पुलिस वर्दी या अन्य शासकीय प्रतीकों का अनधिकृत उपयोग कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।