Maharajganj News : एक साथ जीने की खाई थी कसम, साथ ट्रैक पर खत्म हुई प्रेम कहानी, अंतिम संस्कार भी साथ
03-Apr-2026
Total Views |
अड्डा बाजार। अड्डा बाजार के कंजड़ पुल के पास ट्रेन के आगे कूदकर जान देने वाले प्रेमी युगल का गुरुवार देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को एक साथ लाया गया, लेकिन छात्रा के परिजन शव को घर नहीं लाए बल्कि निकटवर्ती डंडा नदी के जोगियाबारी श्मशान घाट ले गए।
गौरतलब है कि बुधवार को गोरखपुर-नौतनवां रेलखंड स्थित गेट संख्या 31 सी और 32 सी के बीच कंजड़ पुल के पास गोरखपुर की ओर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगे एक साथ कूदकर छात्र-छात्रा ने जान दे दी थी। सूचना पर संपतिहा चौकी पुलिस, नौतनवा थानाध्यक्ष, सीओ फरेंदा मौके पर पहुंचे थे। देर शाम दोनों शव को एक ही वाहन से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था।
बातचीत के दौरान संपतिहा चौकी इंचार्ज जयप्रकाश सिंह ने बताया कि छात्र-छात्रा एक ही कॉलेज के विद्यार्थी थे। कुछ ही महीने पूर्व युवक किसी शहर में कमाने गया था। 30 मार्च को लौटा था।
इंटरसिटी ट्रेन के लोको पायलट एसके चौरसिया ने दूरभाष से पुलिस की पूछताछ में बताया कि ग्राम महुआरी ढाला के आगे रेलवे ट्रैक के बगल में छात्र-छात्रा खड़े थे। जैसे ही ट्रेन नजदीक पहुंची अचानक दोनों एक साथ रेलवे ट्रैक पर आ गए। हार्न बजाते हुए इमरजेंसी ब्रेक भी लगाया लेकिन ट्रेन की स्पीड अधिक होने के कारण दोनों की मौत हो गई। इमरजेंसी ब्रेक लगाने के कारण ट्रेन की प्रेशर पाइप में भी समस्या आ गई थी।