Maharajganj News : जमीन का सौदा बना जाल, लाखों गंवाकर ठगा गया खरीदार
03-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र में जमीन बेचने के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंद्रानगर असमन छपरा निवासी राकेश सिंह पर आरोप है कि उन्होंने डढ़ौली स्थित अपनी 2 एकड़ कृषि भूमि बेचने का लालच देकर लगभग 49 लाख रुपये हड़प लिए। इसके बाद रजिस्ट्री नहीं की। बृज्येन्द्र सिंह निवासी नेहरू नगर, बरवा द्वारिका ने 31 मार्च 2026 को थानाध्यक्ष कोठीभार को तहरीर देकर बताया कि 2023 में राकेश सिंह अपनी जमीन बेचने के लिए उनके आवास पर आए थे।
मैंने कई किश्तों में नकद और बैंक खातों के माध्यम से उन्हें 49,00,050 रुपये दिए। राकेश सिंह ने पंचायत में भी रुपये लेकर जमीन लिखने की बात स्वीकार की थी लेकिन बाद में न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही रुपये वापस किए।
अब राकेश सिंह और उनकी पत्नी संगीता सिंह जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पता चलते ही दोनों पति-पत्नी फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे हैं।
कोठीभार थानाध्यक्ष धमेन्द्र सिंह ने बताया कि बृज्येन्द्र सिंह की तहरीर पर आरोपी राकेश सिंह व संगीता सिंह निवासी वार्ड नंबर 17 इन्द्रानगर असमन छपरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और मामले की जांच की जा रही है।