Maharajganj News : अब छुट्टियां नहीं होंगी बेकार! 11-12 के छात्रों के लिए शुरू हुए 28 फ्री ऑनलाइन कोर्स

    30-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
गर्मी की छुट्टियां 11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों के लिए अब सीखने का सुनहरा अवसर बनेंगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद व समग्र शिक्षा के संयुक्त प्रयास से 28 ऑनलाइन कोर्स शुरू किए गए हैं। यह सभी शुल्क पूरी तरह निशुल्क हैं। डीआईओएस स्तर से इन कोर्सों के लिए अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने के लिए प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किया गया है।

जिले में संचालित 278 माध्यमिक स्कूलों में 1.17 लाख विद्यार्थियों का नामांकन है। समग्र शिक्षा के जिला समन्वयक मुकेश कन्नौजिया ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल क्रांति को बढ़ावा देते हुए समग्र शिक्षा अभियान के तहत कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए एनसीईआरटी की ओर से स्वयम पोर्टल पर 11 विषयों के कुल 28 ऑनलाइन पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जा रहे हैं।


राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन स्कूलों को डीआईओएस की तरफ से निर्देश दिए गए हैं कि अधिक से अधिक छात्रों का नामांकन मई में पूर्ण कराएं जिससे अवकाश के दिनों में विद्यार्थी इस निशुल्क व ऑनलाइन सहूलियत का लाभ ले सकें।

राजकीय माध्यमिक सिंहपुर के प्रधानाध्यापक अनमोल कुमार यादव ने बताया कि एनसीईआरटी के विशेषज्ञों की ओर से तैयार किए गए यह कोर्स छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाला ई-कंटेंट प्रदान करेंगे। लेखा शास्त्र व व्यवसाय अध्ययन, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिकी, गणित, अर्थशास्त्र, भूगोल, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र, अंग्रेजी विषय शामिल किए गए हैं। कोर्स में नामांकन एक मई से प्रारंभ होगा।

परीक्षा 10 से 15 सितंबर तक होगी। कोर्स की समाप्ति 15 सितंबर को होगी। छात्र स्वयम पोर्टल या इसके मोबाइल एप के माध्यम से सीधे और मुफ्त में अपना नामांकन कर सकते हैं और अपनी पढाई को और मजबूत बना सकते हैं।