Maharajganj News : बैंकों में अचानक छापेमारी जैसी चेकिंग ! इलाके में हड़कंप
07-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। जनपद पुलिस ने सोमवार को जिलेभर की विभिन्न बैंक शाखाओं में सघन चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। पुलिस टीमों ने नगर क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित बैंक शाखाओं, एटीएम बूथों तथा उनके आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, अलार्म सिस्टम, गार्ड की तैनाती, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों की गहनता से जांच की गई। बैंक में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी गई तथा एटीएम बूथों के आसपास भी सतर्कता बरती गई।
इस दौरान बैंक प्रबंधकों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा गार्डों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें। साथ ही बैंक में आने वाले ग्राहकों को भी जागरूक करते हुए बताया गया कि वे अपने एटीएम कार्ड, पासबुक, ओटीपी व अन्य बैंकिंग जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस द्वारा बैंक के बाहर खड़े संदिग्ध वाहनों की भी जांच की गई तथा आसपास के क्षेत्रों में गश्त कर लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। जनपद पुलिस ने लोगों से अपील की कि बैंक से बड़ी धनराशि निकालने या जमा करने के दौरान विशेष सावधानी बरतें तथा आवश्यकता होने पर पुलिस की सहायता ली जाये।
जनपद पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत ऐसे चेकिंग एवं जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे, जिससे बैंकिंग व्यवस्था सुरक्षित एवं सुचारु बनी रहे।