Maharajganj News : सौदा पक्का, लेकिन जमीन गायब! अब मामला पहुंचा थाने

    07-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज
। पनियरा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत तेंदुअहिया निवासी संजय शर्मा ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि फर्जी बैनामा कर दोनों ने सात लाख रुपये ले लिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

तहरीर के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ग्राम पंचायत अनंतपुर निवासी हरिनारायण से जमीन का एक बैनामा ढाई साल पहले सात लाख रुपये देकर कराया था। उसके खारिज दाखिल में गांव के कुछ लोगों ने आपत्ति कर दी, जिससे खारिज दाखिल नहीं हो पा रहा था।


उसने जब आपत्ति के कारण पता किया तो मालूम हुआ कि हरिनारायण के पिता ने वह जमीन पहले ही किसी और को बेच दी थी। असलियत की जानकारी होने पर शिकायतकर्ता जब अपने रुपये मांगने लगा तो उसे हरिनारायण व उसके पुत्र लवकुश गाली और जान से मारने की धमकी देने लगे।

इस संबंध में एसओ पनियरा राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में हरिनारायण व उसके पुत्र लवकुश के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है।