Maharajganj News : सरकारी स्कूलों की बदली तस्वीर, अब निजी स्कूलों को दे रहे टक्कर
07-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। परिषदीय विद्यालयों को आधुनिक स्वरूप देकर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के प्रयासों का असर अब साफ दिखने लगा है। एडी बेसिक संगीता सिंह ने कहा कि आज परिषदीय स्कूलों की शिक्षा किसी मामले में निजी स्कूलों से कम नहीं है, बल्कि हर मामले में बेहतर साबित हो रहे हैं।
पनियरा विकास खंड के पीएम श्री स्कूल नरकटहा से स्कूल चलो अभियान की रैली निकाली गई साथ ही साथ स्कूल में कार्यक्रम आयोजित कर पिछली कक्षा के टापरों को सम्मानित भी किया गया। एडी बेसिक ने स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि वह अपने बच्चों का प्रवेश महंगे स्कूलों में कराने की जगह परिषदीय स्कूलों में कराएं। स्कूल से निशुल्क पुस्तकों से लेकर ड्रेस के लिए भी धनराशि दी जाती है।
सरकार यह खर्च इसलिए कर रही जिससे गरीबों के बच्चे भी महंगे तौर तरीकों वाले निजी स्कूलों की कमी परिषदीय स्कूलों में न महसूस करें। अभिभावक अगर अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे तो यह उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक घर तक बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक जाएं और अभिभावकों को नामांकन के लिए प्रेरित करें। अधिक से अधिक नामांकन लक्ष्य हासिल करना है जिससे जिले के नौनिहाल हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
बीएसए रिद्धि पांडेय ने बताया कि बीते वर्ष शिक्षा गुणवत्ता में व्यापक सुधार हुआ है। राज्य परियोजना की तरफ से डायट में शिक्षकों को आकर्षक तरीके से पढ़ाने का प्रशिक्षण समय-समय पर दिया जा रहा है। निपुण आकलन में जनपद ने शानदार प्रदर्शन कर मंडल में पहला व राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त कर बेहतर शैक्षिक गुणवत्ता का प्रमाण दिया है।
कार्यक्रम का संचालन एआरपी अरविंद कुमार पांडेय ने किया। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा के पदाधिकारी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व अध्यापक शामिल रहे। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिये अपनी प्रतिभा भी प्रदर्शित की।