Maharajganj News : एक खबर और बुझ गयी मासूम की ज़िंदगी ! ये सदमा नहीं सह पायी 14 साल की लक्ष्मी

    07-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
सदर कोतवाली क्षेत्र के शिव नगर स्थित एक मैरिज हॉल में उस समय मातम पसर गया जब चौकीदारी करने वाले चंदन की 14 साल की बेटी लक्ष्मी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, सोमवार को स्कूल से लौटने के बाद लक्ष्मी को कक्षा छह में फेल होने की सूचना मिली। इसके बाद उसने यह कदम उठा लिया।

पिपराइच क्षेत्र के चंदन परिवार सहित मैरिज हॉल पर रहते हैं और वहां सुरक्षा संबंधी काम करते हैं। उनकी पत्नी राधा सरदार पटेल इंटर कॉलेज में दाई का काम करती है। मृतका लक्ष्मी उसी कॉलेज में कक्षा छह की छात्रा थी। सोमवार को स्कूल में पैरेंट्स-टीचर मीटिंग का आयोजन था, जिसमें लक्ष्मी शामिल हुई। वहां पता चला कि लक्ष्मी परीक्षा में फेल हो गई है। घर लौटने के बाद उदास और परेशान दिख रही लक्ष्मी ने कमरे में अकेले फंदा लगाकर जान दे दी।


चंदन पानी पीने के लिए कमरे में गए तो बेटी को फंदे से लटका देख वह सहम गए और चीखने लगे। उन्होंने तुरंत मैरिज हॉल संचालक को फोन कर सूचना दी। आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। चंदन ने तुरंत बेटी को अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लक्ष्मी परिवार की इकलौती बेटी थी और उसके दो छोटे भाई हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि लक्ष्मी पढ़ाई में अच्छी थी लेकिन इस बार फेल होने से वह बहुत निराश हो गई थी। स्कूल से लौटते समय वह उदास थी लेकिन परिवार को अंदाजा नहीं था कि वह इतना गंभीर कदम उठा लेगी।

सीओ सदर अंकुर गौतम ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह सामने आएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।