Maharajganj News : कॉल पर मिली 'ऊपर से कार्रवाई की धमकी', फिर जांच में सामने आयी ये सच्चाई

    08-Apr-2026
Total Views |

परतावल।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में तैनात एक कर्मचारी को फोन पर फ़र्ज़ी कॉल के जरिये धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को एडी ऑफिस का अधिकारी बताकर कर्मचारी को डराने की कोशिश की, जिससे कुछ समय के लिए हड़कंप मच गय।

जानकारी के अनुसार, सीएचसी परतावल में कुष्ठ रोग विभाग में कार्यरत कर्मचारी जनार्दन सिंह मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे अपने कार्यालय में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक (एडी) कार्यालय का अधिकारी बताते हुए सख्त लहजे में बात शुरू की। फोन करने वाले ने आरोप लगाया कि तुम बहुत बाहर की दवाएं लिख रहे हो, कार्रवाई कर देंगे, तो होश ठिकाने आ जाएगा।


कॉल करने वाला व्यक्ति लगातार दबाव बनाता रहा। फोन कटने के बाद जनार्दन सिंह ने नंबर की जांच की। व्हाट्सएप प्रोफाइल पर लगी तस्वीर और अन्य जानकारी से स्पष्ट हुआ कि कॉल करने वाला व्यक्ति न तो एडी कार्यालय का अधिकारी था और न ही स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा हुआ था। कर्मचारी ने पूरे मामले की जानकारी सीएचसी अधीक्षक और मुख्य चिकित्साधिकारी को दे दी है।

जनार्दन सिंह ने बताया कि अंजान नंबर से मिली इस धमकी को लेकर उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई की मांग की गई है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य कर्मियों में चिंता का माहौल है। फर्जी कॉल के जरिए धमकी देने वाले की पहचान कर कार्रवाई की मांग की जा रही है। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल जायसवाल ने कहा कि इस मामले की जानकारी मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।