Maharajganj News : सड़कों से गायब होंगे आवारा पशु! प्रशासन का 35 लाख मास्टर प्लान तैयार
08-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। नगर क्षेत्र में सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को हटाने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। इन पशुओं को पकड़कर मधवलिया गोसदन पहुंचाने के लिए नगरीय निकाय प्रशासन ने 35 लाख रुपये खर्च करने की तैयारी कर ली है।
इस योजना के तहत प्रदेश सरकार की तरफ से आवारा व छुट्टा पशुओं के लिए ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र में पशु आश्रय स्थल बनाए जाने की कवायद चल रही है। इतना ही नहीं स्थायी आश्रय स्थल बनने तक पशुओं को मधवलिया गोसदन तक पहुंचाने के लिए नगर पालिका महराजगंज 17.5 लाख रुपये और नौतनवां को भी इतनी ही धनराशि शासन स्तर से उपलब्ध कराई गई है।
दोनों ही नगर पालिकाएं खुद के साथ ही आसपास के निकायों के पशुओं को गोसदन भेजवाने में पड़ने वाले खर्च की जिम्मेदारी उठाएंगी। इसके पीछे शासन की यह मंशा है कि जब तक निकाय क्षेत्रों में स्थायी तौर पर पशु आश्रय स्थलों के निर्माण के काम पूरे नहीं हो जाते हैं तब तक छुट्टा पशुओं को पकड़कर मधवलिया गोसदन में भेज दिया जाए। ताकि गोवंश को कोई दिक्कत न हो।
यह धनराशि मिलने के बाद अब दोनों नगर पालिकाओं ने निराश्रित पशुओं को ढूंढने व उन्हें गोसदन पहुंचाने का निर्णय लिया है। नगर पालिका नौतनवां के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र कुमार राव ने बताया कि शासन स्तर से जारी धनराशि मिल गई है। रकम मिल जाने से अब निराश्रित पशुओं को सुविधाजनक तरीके से मधवलिया गोसदन भेजा जा सकेगा।
यह पहल शहर की व्यवस्था को भी बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है।