Maharajganj News : कॉलेज परिसर में फंदे से लटका मिला किशोर का शव, हालत देख बढ़ा सस्पेंस

    09-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
शहर के जवाहर लाल नेहरू स्मारक पीजी काॅलेज परिसर में उस समय सनसनी फ़ैल गयी जब संदिग्ध हालात में एक किशोर का शव बुधवार को कॉलेज के ग्राउंड में साइकिल स्टैंड के लोहे के एंगल में रस्सी के सहारे लटका मिला।

घटना की जानकारी सबसे पहले कॉलेज के शिक्षकों को हुई। शव को देखते ही उन्होंने तुरंत सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। घटना स्थल पर पहुंचे नगर चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र जैन ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजवा दिया। शव के फंदे से लटकते समय उसके पैर जमीन से सटे हुए थे, जिससे मामले की संदिग्धता और बढ़ गई है।


पुलिस के अनुसार, मृतक किशोर की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। उसके कपड़ों से पंचर बनाने वाला सेल्यूशन मिला है। गर्दन पर कपड़े का गहरा निशान दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह किशोर भीख मांगने का काम करता था और अक्सर कॉलेज परिसर के आसपास घूमता रहता था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल मृतक की पहचान और उसके परिजनों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद कॉलेज परिसर में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं।

सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराया जा रहा है, शव का पोस्टमार्टम होने के बाद ही घटना की असल वजह सामने आएगी।