Maharajganj News : नहर किनारे कब्जे का खेल उजागर, 16 लोगों पर गिरी कार्रवाई की गाज
09-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के फुलमनहा ग्राम स्थित आंबेडकर पार्क के बगल से गुजर रही नहर की पटरी पर किए गए अवैध कब्जे के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। नहर की पटरी पर कब्जे के मामले में प्रशासन ने 16 लोगों को नोटिस दिया है।
जन कल्याण समिति के पदाधिकारियों की ओर से आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की। जिलेदार नौतनवा शैलेश कुमार भारती तथा सिंचाई विभाग के पर्यवेक्षक रमेश की टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि कुल 16 लोगों द्वारा नहर की पटरी पर करीब तीन से पांच फीट तक अवैध निर्माण कर कब्जा किया गया है।
इसके अलावा कुछ लोगों ने अपने घरों के पानी की निकासी के लिए नहर की ओर पाइप भी लगा रखा है। जिलेदार शैलेश कुमार भारती ने बताया कि अवैध कब्जा करने वाले सभी 16 लोगों को नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्हें जल्द से जल्द अवैध निर्माण हटाकर भूमि खाली करने तथा पानी की निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों का पालन न करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पैमाइश के दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अशोक पटवा, पूर्व प्रधान अमित पासवान, रामू बौद्ध, जयसिंह, जोगमन भारती, मनीष कुमार, सिकंदर यादव, परमेश्वर, बबलू यादव सहित जन कल्याण समिति के पदाधिकारी व ग्रामीण उपस्थित रहे।