Maharajganj News : कभी सुविधा के लिए ये बनी सड़क अब बन रही हादसों की वजह

    10-May-2026
Total Views |

अड्डा बाजार।
गोरखपुर नौतनवा रेलखंड गेट संख्या 35 सी से नईकोट रेलवे स्टेशन के बगल होते बंद गेट 33 सी से जुड़ा रेलवे पिच मार्ग वर्षों से जर्जर हालत में पड़ा है। कई बार मरम्मत करने की मांग करने के बावजूद अबतक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, 2014-15 में गेट संख्या 34सी और 33 सी बंद करते वक्त नईकोट, महुआरी, पिपरहिया, परसौनी कला के लोगों ने परेशानियों का हवाला देकर विरोध किया था। रेलवे अधिकारियों ने जनहित में रेल पटरी के समानांतर पश्चिम तरफ गेट 33सी से 35 सी तक पिच मार्ग का निर्माण किया।

मगर करीब होने के बावजूद उसे रेलवे प्लेटफार्म से नहीं जोड़ा गया। अशोक सिंह, केशव कमार सिंह, अवधेश सिंह, गणेश यादव, जयप्रकाश शर्मा, उमेश यादव, बच्चा सिंह चौहान, योगेंद्र पांडे, सतीश पांडे ने बताया कि निर्माण के बाद जर्जर सड़क को एक बार भी कोई अधिकारी झांकने तक नहीं आया। वर्षों से सड़क गड्ढे में तब्दील हो गई है।

आलम है कि इस रास्ते कार, टैंपो ई-रिक्शा नहीं जा पाते हैं। जबकि दुरुस्त रहने पर सूखे मौसम में इस रास्ते रेलवे स्टेशन पहुंचना सुगम है। कई बार मौखिक शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी समस्या समाधान करने पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिक्र करने पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर (कार्य) आनंदनगर इशरार अहमद ने कहा कि प्रस्ताव भेजा जाएगा। सेंक्शन हो जाने पर सड़क ठीक करवा दी जाएगी।