Gorakhpur News : व्हाट्सएप स्टेटस पर ये वीडियो डालकर 30 साल के प्रिंसिपल ने उठाया खौफनाक कदम

    11-May-2026
Total Views |

Gorakhpur News :
गोरखपुर में इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह कॉलेज परिसर के ही एक कमरे में उनका शव फंदे से लटका मिला। मरने से पहले प्रिंसिपल ने सुसाइड नोट लिखकर वीडियो बनाया और उसे उसने अपने वाट्सएप के स्टेट्स पर लगाया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

प्रिंसिपल ने सुसाइड नोट में लिखा कि मेरी मौत की जिम्मेदार मेरी गर्लफ्रेंड और उसके परिवार वाले हैं। गर्लफ्रेंड शादी का झांसा देकर लगातार मुझसे संबंध बनाती रही। अब उसने शादी से इनकार कर दिया। वह मुझे धमकी दे रही है। वह कहती है कि खुद से मर जाओ।

वह लड़की धोखेबाज और बेवफा है। वह कई लोगों का घर बर्बाद करेगी। पुलिस ने बताया कि प्रिंसिपल का कॉलेज की एक टीचर से अफेयर था। पहले उसके घरवाले शादी के लिए तैयार थे। बाद में मना कर दिया। यह घटना चौरी चौरा थाना क्षेत्र की है।

चौरीचौरा थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर के पूर्व प्रधान दिनेश सिंह का गांव के बाहर यदुवंश सिंह पार्वती देवी नाम से इंटर कॉलेज है, जिसके वह प्रबंधक हैं। जबकि उनका बड़ा बेटा धीरज सिंह (30) कॉलेज में प्रिंसिपल है। वह हर दिन खाना खाकर अपने कॉलेज में सोने जाते थे। शनिवार को भी वह घर से कॉलेज में सोने गए थे।

रविवार सुबह जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटे। तो उनके छोटे भाई सत्यप्रकाश सिंह उन्हें जगाने पहुंचे। कमरे का दरवाजा बंद मिलने पर उसने कई बार आवाज दी। मगर धीरज सिंह ने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद उसने कमरे का दरवाजा तोड़ दिया।

उसने अंदर देखा कि धीरज का शव रस्सी के सहारे पंखे की कुंडी से लटक रहा था। यह देखकर उसकी चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास से लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को धीरज के पैंट की जेब से एक सुसाइड नोट मिला।


फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से एविडेंस इकठ्ठा किए। छोटे भाई ने बताया कि धीरज की शादी नहीं हुई थी। वह चार भाइयों में सबसे बड़े थे। बताया कि भाई ने जो बातें सुसाइड नोट में लिखी हैं। उसका उन्होंने मरने से पहले एक वीडियो बनाया। जिसे उसने अपने स्टेट्स पर लगाया है।

बताया कि भाई का कॉलेज में पढ़ाने वाली एक लड़की से अफेयर था। वह घर आती जाती थी। दोनों परिवार शादी के लिए राजी थे। मगर कुछ दिन पहले लड़की ने शादी करने से मना कर दिया। वह और उसके घरवाले भाई को धमकी देते थे।

उन्होंने भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। कहा था कि मेरे परिवार को भी जान से मार देंगे। इससे मेरा भाई तनाव में था।

एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि एक सुसाइड नोट मिला है। जिसमे एक महिला और उसके परिजनों को मौत का जिम्मेदार बताया है। धमकी देने का जिक्र है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।