Maharajganj News : जिले के बच्चे बनेंगे हाईटेक ! अब ब्लैकबोर्ड नहीं, स्मार्ट स्क्रीन पर पढ़ेंगे छात्र
11-May-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के राजकीय व सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में अब आधुनिक शिक्षा व्यवस्था को बढ़ावा देने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत माध्यमिक शिक्षा विभाग व अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से यह पहल की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा मानकों को पूरा करने वाले विद्यालयों की सूची देनी होगी जबकि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा उन विद्यालयों को योजना का लाभ दिलाने का कार्य होगा।
कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न ब्लॉकों के उन गांवों में विकास परक कार्य कराए जाने हैं जो उसमें शामिल हैं। जिले के 10 ब्लॉकों में क्लस्टर का निर्माण हो गया है। इन गांवों में चलने वाले राजकीय इंटर कॉलेज अथवा सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की स्थापना कर बच्चों को बेहतर ढंग से शिक्षा देने का प्रबंध किया जा रहा है। उन्हीं विद्यालयों को लाभ मिलेगा जो स्मार्ट क्लास की स्थापना को लेकर स्वयं भी रुचि दिखाएं तथा वह स्थापना के लिए आवश्यक शर्तों को पूरा करने का कार्य करें।
इन विद्यालयों को प्राथमिकता के आधार पर उसका लाभ दिया जाएगा जहां पर कुल नामांकित छात्र संख्या में 25 फीसदी से अधिक अल्पसंख्यक विद्यार्थी हों। विद्यालय में सुरक्षा व बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित हो। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र ने कहा कि माध्यमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की स्थापना को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक से विद्यालयों की सूची मांगी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मानकों को दृष्टिगत रखते हुए सूची तैयार कराई जा रही है। जल्द ही सूची अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को भेज दी जाएगी। स्मार्ट क्लास की स्थापना से विद्यार्थियों के विकास में मदद मिलेगी।