Maharajganj News : खेत में दिखे रहस्यमयी पंजों के निशान... दहशत में ग्रामीण, वन विभाग अलर्ट
13-May-2026
Total Views |
चौक बाजार। नगर पंचायत चौक के धरमपुर से सोनाड़ी बाईपास मार्ग स्थित एक खेत में मंगलवार को किसी जंगली जानवर के संदिग्ध पदचिह्न मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। खेत में बने बड़े-बड़े निशानों को देखकर ग्रामीण डर गए और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा के मद्देनजर वनकर्मियों की तैनाती भी की गई है।
जानकारी के अनुसार, धरमपुर निवासी बाल्मीकि प्रजापति मंगलवार सुबह अपने निर्माणाधीन मकान पर गए थे। इसी दौरान पास के खेत में उन्हें किसी जंगली जानवर के संदिग्ध पदचिह्न दिखाई दिए। उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि पदचिह्न किसी बड़े जंगली जानवर के प्रतीत हो रहे हैं। इस घटना के बाद लोगों में भय का माहौल है।
खासकर बच्चों और खेतों में काम करने वाले किसानों में दहशत देखी जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मामले की जांच कराने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द जांच नहीं हुई तो लोगों का खेतों की ओर जाना मुश्किल हो जाएगा। पदचिह्नों की चर्चा पूरे इलाके में तेजी से फैल गई है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।